देवास। मंगलवार को देवास जिला योजना समिति की बैठक के दौरान कमलनाथ सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी और देवास से भाजपा सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के बीच जमकर बहस हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि सांसद सोलंकी ने मंत्री पटवारी को यहां तक कह दिया कि आप अगली बार मंत्री नहीं बन पाओगे। इस पर मंत्री पटवारी ने सांसद को कहाँ कि मैं आपको बैठक से बाहर कर सकता हूँ।
दरअसल बैठक में कांग्रेस शहर अध्यक्ष मनोज राजानी भी मौजूद थे। इस दौरान सांसद सोलंकी ने राजानी की गंगा इंडस्ट्रीज पर अवैध निर्माण पर कार्रवाई न करने को लेकर कलेक्टर को घेरा। इस पर राजानी बिफर गए और सांसद पर व्यक्तिगत मामला बीच में लाने का आरोप लगाया। जब इस मामले में मंत्री पटवारी ने कुछ कहा तो बहस बढ़ गई। इस पर सांसद ने पटवारी से कहा कि आप अगली बार मंत्री नहीं बन पाओगे। आगे सांसद ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण तोड़ने के नाम पर वसूली की जा रही है। आप तीन महीने में एक बार औपचारिक मीटिंग लेने आ जाते हैं।
इस पर मंत्री जीतू भड़क गए। उन्होंने कहा कि मैं आपको बैठक से बाहर कर सकता हूं। ये मेरे पॉवर में है। इसके बाद वहां उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से कहा कि सांसद जनप्रतिनिधि है और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मेरा अपमान किया है। इसका सबक सिखाना है।
