भोपाल। पवई विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रहे प्रह्लाद लोधी की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के बाद अब भाजपा सतर्क हो गई है। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भाजपा विधायकों से अपने ऊपर चल रहे प्रकरणों की जानकारी मांगी है।
दरअसल प्रह्लाद लोधी को मारपीट मामले में भोपाल की विशेष अदालत ने दो साल की सजा सुनाई है। जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई है। प्रह्लाद लोधी की विधायकी जाने से कांग्रेस सरकार को विधानसभा में पूर्ण बहुमत मिल गया है।
नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता गोपाल भार्गव ने प्रदेश के सभी भाजपा विधायकों को पत्र लिखकर कहा है कि अगर आपके ऊपर भोपाल स्थित विशेष न्यायालय कोई आपराधिक या अन्य प्रकरण विचाराधीन या लंबित है तो उसकी जानकारी मेरे कार्यालय पर भेजे। साथ ही प्रकरण की पैरवी करने वाले अधिवक्ता का नाम और मोबाइल नंबर की जानकारी भी दे।
गोपाल भार्गव का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद आर्थिक रूप से कमजोर और कम पड़े लिखे विधायकों को क़ानूनी विशेषज्ञों की राय मुहैया कराई जाएगी।
