भोपाल, द टेलीप्रिंटर। मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रदेश के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को 31 मार्च तक दफ्तर नहीं आने की छूट दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
केके सिंह ने अपने आदेश में कहा है कि 31 मार्च तक मध्यप्रदेश में कर्मचारियों को दफ्तर आने की जरूरत नहीं होगी। इस दौरान प्रदेश के सभी अधिकारी-कर्मचारी घर बैठकर ही सरकारी काम करेंगे। 23 से 31 मार्च की अवधि को कर्तव्य अवधि माना जायेगा।
राज्य सरकार ने कहा है कि यह आदेश स्वास्थ्य, पुलिस, पेयजलपूर्ति व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, साफ-साफ अमला, अग्निशमन सेवाएँ, दूरसंचार सेवाओं पर लागू नहीं होगा। इनके अतिरिक्त छुट्टियों पर गए अधिकारी-कर्मचारियों पर भी यह आदेश लागू नहीं होगा।


