भोपाल। आज से मध्यप्रदेश विधानसभा में बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। हालाँकि प्रदेश के सियासी संकट को देखते हुए विधानसभा में आज हंगामा होने के पूरे आसार है। इसको देखते हुए पुलिस ने विधानसभा के आसपास धारा 144 लगा दी है।
विधानसभा आने वाले रास्तों पर भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। बिना पहचान पत्र और विधानसभा द्वारा जारी परिचय पत्र के अलावा किसी को भी विधानसभा की ओर नहीं आने दिया जा रहा है। विधानसभा की ओर जाने वाले हर वाहन की चेकिंग की जा रही है। विधानसभा में पास धारी लोगों को भी बिना परिचय पत्र के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। पत्रकारों, विधानसभा कर्मचारियों और विधायकों के अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
इसके अलावा कोरोना वायरस से बचाव के लिए भी विधानसभा में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मास्क लगाकर विधानसभा पहुंचे हैं। इसके अलावा सभी को सेनेटाइज कर प्रवेश दिलवाया जा रहा है।
