इंदौर। कैबिनेट मंत्री जीतू पटवारी मनावर में बच्चा चोरी की अफवाह पर ग्रामीणों की पिटाई से मारे गए शिवपुर खेड़ा के गणेश पटेल के निवास पर पहुंचे। जीतू पटवारी ने घटना पर दुःख जाहिर करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। जीतू पटवारी ने कहा कि इस घटना ने मानवता को शर्मसार किया है।
इस मामले में सरकार ने कार्रवाई करते हुए टीआई सहित 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीँ इस घटना में भाजपा नेता रमेश का नाम भी सामने आ रहा है। कहा जा रहा है कि रमेश पूरी घटना में काफी सक्रीय था। घटना के वीडियो में भी रमेश नजर आ रहा है।
इससे पहले घटना में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि 15 से 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों पर सख़्त कदम उठाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाएँ मानवता को शर्मशार करती है और ऐसी घटनाएँ बर्दाश्त नहीं की जा सकती है।
गौरतलब है कि धार जिले के मनावर में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने 5 किसानों और उनके ड्राइवर को घेरकर लाठी-पत्थरों से जमकर पीटा। करीब डेढ़ घंटे तक 500 से अधिक लोग छह लोगों को बेरहमी से पिटते रहे। भीड़ उन्हें तब तक मारती रही जब तक वह बेसुध नहीं हो गए। जब भीड़ को लगा कि सभी लोग मर गए है तब जाकर भीड़ ने उन्हें मारना बंद किया। इस हादसे में ड्राइवर गणेश पटेल की मौत हो गई है जबकि जगदीश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, विनोद मुकाती, रवि पटेल, जगदीश पूनमचंद शर्मा को घायल अवस्था में इंदौर लाया गया है। इनमे से रवि की हालत गंभीर है।
