भोपाल। राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से उनके आवास पर मुलाकात की। उमा भारती ने तिलक लगाकर सिंधिया का स्वागत किया। इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है।
सिंधिया से मुलाकात के दौरान उमा भारती ने कहा है कि सिंधिया परिवार से मेरे पुराने पारिवारिक संबंध है। वहीं राजस्थान में जारी सियासी उठापटक को लेकर उमा भारती ने कहा है कि राहुल गाँधी के कारण कांग्रेस संकट में हैं। कांग्रेस में अच्छे नेताओं की कद्र नहीं है। सचिन पायलट के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंची है।।
दूसरी तरफ ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि मैं मैदान में उतरा हूँ कांग्रेस को जवाब दूंगा। प्रदेश की जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो गया है। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार भ्रष्टाचारी थी। वहीं उमा भारती की तारीफ़ करते हुए कहा है कि मैं उनका आशीर्वाद लेने के लिए आया हूँ।
गौरतलब है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया देवास जिले के हाटपीपल्या जाएंगे। यहां तीनों पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। गौरतलब है कि इस विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना है।
