भोपाल। मध्यप्रदेश में रविवार को कोरोना के 431 नए मामले सामने आए हैं। इससे प्रदेश में संक्रमण के मामलों की संख्या 17632 पर पहुँच गई है। इसके अलावा रविवार को प्रदेश में 9 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इससे प्रदेश में मरने वालों की संख्या 653 हो गई है। प्रदेश में अब तक 12876 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
राजधानी भोपाल में बीते 24 घंटों के दौरान 102 नए पॉजिटिव केस सामने आए। यह अब तक का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे एक दिन पहले 95 मरीज मिले थे।
इंदौर में रविवार को 1946 सैंपल की जाँच की गई जिसमें से 92 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अनलॉक होने के बाद इंदौर में एक दिन में सामने आई यह सर्वाधिक मरीजों की संख्या है। इससे इंदौर में संक्रमित मरीजों की संख्या 5352 हो गई है। इंदौर में इस समय 1066 सक्रिय मरीज है। यहां अब तक 269 मरीजों की कोरोना से जान जा चुकी हैं।
ग्वालियर में रविवार को एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हुआ है। रविवार को यहां संक्रमण के 120 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 1000 के पार हो गई है। कोरोना के मामले में इंदौर, भोपाल के बाद प्रदेश में ग्वालियर तीसरे नंबर पर पहुँच गया है। इसके अलावा रविवार को मुरैना में 31, भिंड में 13, शिवपुरी में 10, श्योपुर में 5 और दतिया में 4 नए मामले सामने आए हैं।
मालवा-निमाड़ अंचल में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी आ रही है। रविवार को बड़वानी में पहली बार 20 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा खरगोन में 19, शाजापुर में 15, खंडवा में 12, उज्जैन में 9, देवास में 8, बुरहानपुर-अलीराजपुर में 7-7, मंदसौर में 6 और आगर-मालवा में 2 नए मामले सामने आए हैं।
महाकोशल-विंध्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को जबलपुर में कोरोना के 29 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 571 हो गई है। इनमें से 409 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 147 एक्टिव केस है। इसके अलावा रीवा में 14, दमोह में 6, बालाघाट में 5 और सिवनी में एक नया कोरोना का मामला सामने आया है।
