बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने एक जवान की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने के लिए आए जवान के माता-पिता भी नक्सलियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिसबल मौके पर पहुंचा।
सामने आ रही जानकारी के अनुसार बीजापुर के जांगला थाना क्षेत्र में मतवाड़ा निवासी सोमारू पोयाम फरेसगढ़ थाने में सहायक आरक्षक के पद पर तैनात था। वह मेडिकल लीव पर घर आए थे। नक्सलियों को जब इस बात का पता चला तो बुधवार-गुरुवार की रात को 50 से 60 नक्सली बंदूक, तीर-धनुष समेत अन्य हथियार लेकर सहायक आरक्षक के घर पहुँच गए।
नक्सलियों ने सहायक आरक्षक पर तीरों से हमला कर दिया। जवान के शरीर में 6 तीर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बीच-बचाव करने के लिए बीच में आए माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
