डिंडौरी। डिंडौरी के मध्य स्थित सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई। इस दौरान गोदाम में सो रहे 50 वर्षीय व्यापारी कम्मू खान आग की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। इसके अलावा भारी मात्रा में सब्जी, कैरेट, वरदाने जलकर खाक हो गए।
दरअसल बुधवार-गुरुवार रात को डिंडौरी के मध्य स्थित सब्जी मंडी में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। आग लगने पर स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन देखते ही देखते आग ने रोद्र रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से गोदाम में सो रहे व्यापारी कम्मू खान की मौत हो गई।
आग के कारण सब्जी मंडी में रखी सब्जी, कैरेट, वरदाने जलकर खाक हो गए। घटना के बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग के कारण चंदन बर्मन, मुन्ना चौधरी, मैमबाई, लक्ष्मी बाई, मानिक चंद्र की दुकानें जलने से नुकसान हुआ है।
