भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की झड़ी के लिए अभी लोगों को कुछ दिनों तक और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 जुलाई के बाद प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। फ़िलहाल बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कोई मानसूनी सिस्टम नहीं है।
दरअसल इस समय प्रदेश में चार सिस्टम सक्रिय है, लेकिन फिर भी बारिश की झड़ी नहीं लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी जो सिस्टम सक्रिय है, उससे प्रदेश के कई इलाकों में बौछारें पड़ने के आसार है। लेकिन झमाझम बारिश तभी होगी जब बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में चक्रवात बनेगा।
बता दे कि प्रदेश में अब तक 306.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य से 14 फीसदी ही ज्यादा है। प्रदेश के 9 जिलों में तो सामान्य से भी कम बारिश हुई है। इनमें ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, श्योपुर, टीकमगढ़, जबलपुर, छतरपुर, मंदसौर और अलीराजपुर शामिल है। कम बारिश होने से क्षेत्र के किसान परेशान है।
मौसम विभाग ने बताया है कि फ़िलहाल बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कोई मानसूनी सिस्टम नहीं है। इस कारण प्रदेश में तेज बारिश होने के आसार नहीं है। 24 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन सकता है, जिसके बाद प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
