बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गांजे की खेती करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक खेत से गांजे के पेड़ पकड़े हैं। इन पेड़ों से कुछ दिनों बाद गांजा निकलने वाला था, जिसकी कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है।
दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि जिले के उमरवानी गाँव में गांजे की खेती की जा रही है। इस पर थाना प्रभारी अनिल पुरोहित जब किसान बनकर मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक एकड़ से ज्यादा खेत में गांजे के पेड़ लगे हुए हैं।
इसके बाद थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए खेत मालिक को हिरासत में लिया है। साथ ही गांजे के पेड़ कटवाए जा रहे हैं। इन पेड़ों से लगभग पांच से छह क्विंटल गांजा निकलता, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। पुलिस को आरोपी के पास से गांजा भी मिला है, जिसे वह छिंदवाड़ा से खरीदकर लाया था।
बता दे कि किसान ने खेत में सब्जियों के साथ गांजे के पेड़ लगाए थे। इस खेत के चारों तरफ दूसरे खेत थे, जिनमें दूसरी फसल लगी थी। इस कारण किसी को गांजे के पेड़ नजर नहीं आ रहे थे। गांजे के पेड़ों पर फूल भी आ चुके थे और कुछ दिन बाद ही इनसे गांजा निकल आता।
