शिवपुरी। अतिक्रमण हटाओ मुहिम के दौरान एक युवक को कार्रवाई का विरोध करना भारी पड़ गया। पुलिस बल के जवानों ने युवक की लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान एसडीएम ने युवक को चांटे भी मारे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल शिवपुरी शहर में बाईपास मार्ग को चौड़ा करने के लिए अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई जा रही है। मुहिम के तहत प्रशासन ने पोहरी रोड पर नए बस स्टैड के सामने दुकान को अतिक्रमण बताकर जेसीबी मशीन से हटा दिया गया था। इससे नाराज युवक प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध करने लगा।
इस दौरान युवक की यातायात प्रभारी रणवीर सिंह से झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में हाथापाई हो गई। इसके बाद पास में खड़े पुलिस बल के जवानों ने युवक की लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान एसडीएम ने युवक को चांटे भी मारे। विवाद के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर कोतवाली में बंद कर दिया।
युवक का नाम अंकित बताया जा रहा है। यह युवक अपनी दुकान हटाए जाने से नाराज था। विवाद की स्थिति इसलिए बनी क्योंकि यह मुहिम एबी रोड के लिए गुना से ग्वालियर बायपास के लिए चली थी लेकिन एकाएक यह पोहरी रोड पर नए बस स्टैंड पर अतिक्रमण हटाने पहुँच गई। इसको लेकर युवक ने प्रशासन पर भेदभाव और मनमानी करने का आरोप लगाया।
