जबलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जबलपुर से सांसद राकेश सिंह ने केंद्रीय बजट की आलोचना करने पर मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर कमलनाथ बजट पर आरोप नहीं लगाएंगे तो मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।
दरअसल कमलनाथ ने केंद्रीय बजट में मध्य प्रदेश की उपेक्षा करने का आरोप लगाया था। इस पर राकेश सिंह ने कहा कि, “कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास न करे। केंद्र ने किसी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया। प्रत्येक राज्य को बजट में अपना हिस्सा पाने तैयारी करनी पड़ती है। प्रदेश की सरकार ने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया। एक साल में प्रदेश में कोई विकास नहीं हुआ है। कांग्रेस के नेता अपने हित साधने में लगे हुए है।”
प्रदेश में होने वाले आईफा अवार्ड समारोह को लेकर राकेश सिंह ने कहा कि इस समारोह से हमें कोई आपत्ति नहीं है। इससे प्रदेश की थोड़ी ब्रांडिंग हो जाएगी लेकिन जनता को कोई लाभ नहीं होने वाला।
वहीँ राम मंदिर निर्माण पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान पर राकेश सिंह ने कहा कि, राम को काल्पनिक पात्र बताने वाले इस पर ना बोले तो अच्छा होगा। सीएए को लेकर कांग्रेस दंगा भड़काना चाहती है। इस मामले पर कांग्रेस राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है।
