छतरपुर। सागर लोकायुक्त टीम ने छतरपुर में राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी ने जमीन का सीमांकन करने के लिए आवेदक से 17 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
मामला छतरपुरजी जिले के बड़ामलहरा का है। बड़ामलहरा के राजापुर गाँव के रहने वाले बारेलाल प्रजापति पिता नन्दी प्रजापति ने अपनी जमीन की तरमीम और सीमांकन के लिए आवेदन किया था। इस पर राजस्व निरीक्षक अधिकारी हनुमत सिंह मरकाम ने आवेदक से 17 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस को कर दी।
गुरुवार को सागर लोकायुक्त टीम ने आरोपी अधिकारी को आवेदक से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई को डीएसपी राजेश खेड़े, आशुतोष व्यास, यशवंत सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, संतोष गोस्वामी, अजय क्षेत्री, विक्रम सिंह राजपूत की टीम ने अंजाम दिया।
