ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हो रहे कोरोना विस्फोट पर ब्रेक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने शहर में एक हफ्ते तक कर्फ्यू की तर्ज पर टोटल लॉकडाउन की घोषणा की है। लॉकडाउन 14 जुलाई मंगलवार शाम 7 बजे से शुरू होगा। इस दौरान शहर के लोग सिर्फ जरुरी काम के लिए ही घर से बाहर निकल पाएंगे।
गौरतलब है कि ग्वालियर में कोरोना भयावह रूप लेता जा रहा है। सोमवार को यहां कोरोना के 191 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमण के मामलों की संख्या 1200 पार हो गई है। कोरोना विस्फोट को देखते हुए क्राईसेस मैनेजमेंट की बैठक में सात दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि एक हफ्ते के लॉकडाउन के दौरान ग्वालियर शहर में किसी भी प्रकार के सामाजिक, धार्मिक और राजनैतिक समारोह आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। अगर कहीं भीड़ होती है तो उस पर आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा लॉकडाउन के दौरान जिले की सभी सीमाएं सील रहेगी। इस दौरान किसी को भी जिले के अंदर और बाहर जाने नहीं दिया जाएगा। सिर्फ आपातकालीन स्थिति में ही किसी को जिले के अंदर या बाहर जाने की अनुमति होगी।
