भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने लंबे समय बाद शरू हुई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को फिर से स्थगित कर दिया है। इससे सरकारी शिक्षक बनने का ख्वाब देख रहे अभ्यर्थियों की उम्मीदों को एक बार फिर से झटका लगा है। इससे उम्मीदवारों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया के जरिए एक बार फिर से प्रक्रिया शुरू करने की मुहीम छेड़ दी है।
दरअसल शिवराज सरकार ने लॉकडाउन के कारण अटकी पड़ी 20 हजार शिक्षकों की भर्ती को दोबारा शुरू करने का फैसला लिया था। इसके तहत 29 जून से उम्मीदवारों के दस्तावेजों के सत्यापन का काम शुरू होना था और 1 सितंबर तक सभी चयनित शिक्षकों की नियुक्ति की जानी थी। लेकिन अब इस प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है।
इस मामले में लोकशिक्षण संचालक का कहना है कि कोरोना संक्रमण के कारण कई शहरों में लोकपरिवहन की व्यवस्था नहीं हैं। इसको देखते हुए फ़िलहाल शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। अब दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग से तिथि घोषित की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछली कमलनाथ सरकार ने स्कूल शिक्षा मंत्री रहे प्रभुराम चौधरी ने ऐलान किया था कि 2020 में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इससे प्रदेश में शिक्षकों की कमी पूरी हो जाएगी। लेकिन प्रदेश में पहले सता परिवर्तन और अब लॉकडाउन के कारण यह प्रक्रिया बीच में ही रुक गई हैं।
