भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड में चोरों ने कोरोना पॉजिटिव परिवार के सूने मकान पर हाथ साफ़ कर दिया। चार अपने साथ लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जाँच शुरू कर दी है।
दरअसल भिंड जिले के मेहगांव कस्बे में रामनिवास राठौर का घर है। पिछले दिनों रामनिवास राठौर, उनकी पत्नी और उनके माता-पिता कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। वहीं उनके दो बच्चों की जाँच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें ग्वालियर स्थित फ्लैट पर क्वारंटाइन किया गया था।
ऐसे में रामनिवास राठौर के घर पर ताला लगा हुआ था। ऐसे में चोरों ने इस मौके का फायदा उठाकर ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और घर में मौजूद अलमारी में से सोने चांदी के जेवरात सहित लाखों रुपए का अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों ने जब घर का ताला टूटा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
रामनिवास के भतीजे ने बताया कि अलमारी में पांच लाख रुपये नकद, 10 तोला सोने और 250 ग्राम चांदी के जेवरात रखे हुए थे। इसके साथ ही अन्य महंगे समान को भी चोरों ने पार कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है। रामनिवास के पास वाले घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया लेकिन उसमें कुछ भी हाथ नहीं लगा। मेहगांव थाना पुलिस फिलहाल जांच में जुटी हुई है।
