जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में परीक्षा में फैल होने से दुखी तीन छात्राओं ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान वहां मौजूद नाविकों ने छात्राओं को नदी में डूबते हुए देखा तो वह नदी में कूद गए और छात्राओं को सकुशल बाहर निकाल कर लाए। छात्राओं ने बताया कि 9वीं कक्षा में फ़ैल होने के कारण उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की है।
दरअसल आत्महत्या करने वाली तीनों नाबालिग छात्राएं जबलपुर के मुजावर मोहल्ला गढ़ा में रहने वाली है। तीनों एक ही स्कूल में पढ़ाई करती है और 9वीं कक्षा में फ़ैल गई थी। फ़ैल होने के बाद ही तीनों छात्राएं काफी दुखी थी और परिजनों से भी बात नहीं कर रही थी।
गुरुवार शाम को तीनों छात्राएं अपने घर से निकली और तिलवारा पुल पर पहुंच गई। यहां कुछ देर टहलने के बाद जैसे ही देखा कि पुल से कोई वाहन नहीं आ रहा है, तीनों ने एक साथ तिलवारा पुल से नर्मदा नदी में छलांग लगा दी।
छात्राओं को नदी में छलांग लगाते देख वहां मौजूद लोगों के बीच चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। इसके बाद नाविकों को पता चला तो वह तत्काल नदी में कूद गए और तीनों छात्राओं को डूबने से पहले पानी से बाहर निकाल लिया। छात्राओं को नदी से निकालने के बाद पहले शासकीय अस्पताल ले जाया गया जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें थाने लाया गया। फिर परिजनों को थाने बुलाकर घटना की जानकारी दी गई।
