इंदौर। गुरुवार को इंदौर में कोरोना वायरस के कारण दो लोगों की मौत हो गई है। इंदौर के एमआर टीबी अस्पताल में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है, जबकि एमवाय अस्पताल में भी एक 54 वर्षीय पुरुष ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ इंदौर में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा पांच और प्रदेश में आठ तक पहुंच गया है।
मृतक महिला इंदौर के खजराना क्षेत्र की रहने वाली है जबकि मृतक पुरुष मोती तबेला क्षेत्र का रहने वाला है। गुरुवार सुबह ही मृतक पुरुष में कोरोना होने की पुष्टि हुई थी। एक दिन पहले ही मेडिकल कॉलेज ने बुलेटिन जारी कर तीन लोगों के गंभीर होने की जानकारी भी दी थी। सीएमएचओ डॉ प्रवीण जड़िया ने बताया कि जो लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं, उनमें से कई लोग पहले से ही भर्ती हैं जिससे इनके कम्युनिटी में संक्रमण फैलाने के संभावना कम होगी।
बता दे कि बुधवार देर रात इंदौर में 12 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे और इसके मरीजों की संख्या बढ़कर 75 पहुंच गई है। कल जो पॉजिटिव केस सामने आए हैं उनमें से 8 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शहर में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव की संख्या के बाद से टोटल लॉक डाउन किया गया है।
