विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन ने अपनी ड्यूटी के दौरान इंसानियत की मिसाल पेश की है। उन्होंने सड़क हादसे में घायल युवक को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया। इस दौरान उन्होंने युवक से बात कर उसकी हौसला अफजाई भी की।
दरअसल एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी। विदिशा कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन अपनी गाड़ी से जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने सड़क हादसे में तड़प रहे युवक को देखकर गाड़ी रुकवाई। उन्होंने ट्रक के नीचे से घायल युवक को बाहर निकलवाया। इस दौरान उन्होंने घायल युवक से बातचीत कर उसकी हौसला अफजाई की और युवक को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुँचाया।
बता दे कि इससे पहले कटनी कलेक्टर रहते हुए डॉक्टर पंकज जैन ने अपनी बेटी का दाखिला आंगनबाड़ी में करवाया था। उनके इस कदम के लिए भी डॉक्टर पंकज जैन की खूब तारीफ़ हुई थी। गौरतलब है कि विदिशा कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन न्यूरो सर्जन भी हैं।
