भोपाल। मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर वोट डाला। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी कांग्रेस विधायकों के साथ मतदान करने पहुँचे हैं। कमलनाथ बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचे हैं। बता दे कि मतदान प्रकिया शाम 4 बजे तक चलेगी। वहीं शाम 5 बजे से मतगना शुरू होगी। बता दे कि वोट देने के लिए पहुंचने वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
गौरतलब है कि मतदान में कुल 206 विधायक हिस्सा लेंगे। भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सौलंकी मैदान में हैं जबकि कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में हैं। वर्तमान में दोनों पार्टियों के विधायकों की संख्या को देखते हुए दो सीटों पर भाजपा जबकि एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की जीत तय मानी जा रही है।
बता दे कि इस बार राज्यसभा सीटों के लिए मतदान विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में हो रहा है। यह पहला मौका है जब ऐसा किया जा रहा है। कोरोना संकट को देखते हुए हर विधायक की जांच की जा रही है। इसके लिए तीन जगह स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई है। मतदान प्रकिया में भाग लेने के लिए कोरोना से संक्रमित कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट में मतदान के लिए सबसे अंत में आएंगे। उनका मतपत्र अलग लिफाफे में रखा जाएगा और सबसे आखिर में गिना जाएगा।
