अशोकनगर। अशोकनगर में अप्रशिक्षित डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत हो गई। महिला कंधे में दर्द की शिकायत के बाद उपचार के लिए पहुंची थी। महिला की मौत के बाद आरोपी डॉक्टर क्लीनिक खुला छोड़कर फरार हो गया। वहीँ घटना के बाद क्लीनिक के बाहर भीड़ जमा हो गई। फ़िलहाल पुलिस ने क्लीनिक को सील कर दिया है।
दरअसल अशोकनगर के ईसागढ़ थाने के अंतर्गत ग्राम बमनावर निवासी राजबाई पति लालाराम लोधी को कंधे में दर्द की शिकायत के बाद उपचार के लिए अशोकनगर लाया गया। राजबाई को परिजन शंकर कॉलोनी में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर आरपी चौरसिया के पर लेकर पहुंचे। महिला का इलाज करने के नाम पर डॉक्टर ने जैसे ही इंजेक्शन लगाया, महिला की मौत हो गई।
महिला के परिजन का कहना है कि राजबाई को कोई बड़ी शिकायत नहीं थी। छोटा-मोटा दर्द था। घटना के बाद डॉक्टर क्लीनिक खुला छोड़कर भाग गया। दूसरी तरफ क्लीनिक के बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने क्लीनिक को सील कर दिया।
