खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन में एक युवक पुलिया पार करते समय बाइक सहित बाढ़ में बह गया। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक की जान बचाई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं इस घटना के बाद भी लोग बाइक से पुलिया पार करते नजर आए।
दरअसल खरगोन जिले के आदिवासी अंचल भगवानपुरा में जोरदार बारिश के कारण बाढ़ के हालात बन गए हैं। इस दौरान लोग जान जोखिम में डालकर दो पहिया वाहन से पानी होने के बावजूद पुलिया पार कर रहे हैं। इससे हादसे भी हो रहे हैं।
ऐसा ही मामला क्षेत्र के रायसागर गाँव से भी सामने आया है। यहां दो लोग बाइक की मदद से बाढ़ का पानी होने के बावजूद पुलिया पार कर रहे थे। इस दौरान एक युवक बाइक सहित बाढ़ में बह गया जबकि दूसरी युवक समय रहते बाइक से उतर गया। जब ग्रामीणों ने युवक को पानी में बहते हुए देखा तो दौड़कर उसकी जान बचाई।
