रायसेन। रायसेन जिले के सरकारी टीचर ने लोगों में कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता लाने के लिए एक लोकगीत लिखा और गाया हैं। इस गीत के जरिए कोरोना वायरस से बचने का संदेश दिया गया हैं। ‘कोरोना से बचवे को एकई उपाय, घर में रइयो यार, न जइयो बाजार’ नाम का यह लोकगीत सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाने के लिए सरकार सभी लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए रायसेन जिले की सुल्तानपुर तहसील के चंपानेर गाँव निवासी सरकारी टीचर भगवत विश्वकर्मा ने एक पारंपरिक लोकगीत तैयार किया है। कोरोना वायरस की इस भयानक वैश्विक त्रासदी में लोगों को जागरुक करने उन्होंने लोकगीत लिखा और गाया भी है। लोकगीत में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लोगों को संदेश दिया है। यह गीत लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
विश्वकर्मा ने बताया कि कोरोना का खतरा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में उन्होंने पारंपरिक ग्रामीण शैली में लोक संगीत के माध्यम से लोगों को जागरुक करने का एक अनोखा प्रयास किया है। लोकगीत गायन में शिवनारायण विश्वकर्मा,बेटे गगन विश्वकर्मा और छोटू ने उनका साथ दिया है।
बता दे कि इससे पहले प्रसिद्ध बॉलीवुड मूवी ‘पीपली लाइव’ में दिखाए गया स्थानीय लोकगीत ‘सखी सैंया तो खूबई कमात है, महंगाई डायन खाय जात है। भी बहुत पॉपुलर हुआ था।
