कटनी। एक ही साईकिल पर बैठकर हैदराबाद से उत्तर प्रदेश के बहराइच जा रहे तीन लोगों को कटनी पुलिस ने बायपास पर रोका। पुलिस ने इन लोगों को खाना खिलाया और मेडिकल जाँच के लिए जिला हॉस्पिटल भेजा। पिछले कई दिनों से लगातार साईकिल चलाने के कारण इन लोगों की हालत ख़राब हो गई हैं। ऐसे में कटनी पुलिस ने इन लोगों को बहराइच भेजने के लिए वाहन की व्यवस्था करने के लिए कहा है।
दरअसल लॉकडाउन के कारण काम बंद हुआ तो हैदराबाद में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के आठ लोगों के सामने रहने-खाने की समय उत्पन्न हो गई। आगे जब कोई रास्ता दिखाई नहीं दिया तो सभी लोग साईकिल लेकर हैदराबाद से बहराइच के लिए निकल पड़े। करीब 900 किलोमीटर का सफ़र तय करके यह लोग बुधवार को कटनी बायपास पहुंचे।
कटनी बायपास पर पुलिस ने इन लोगों को रोका और खाना खिलाया। साथ ही इनको मेडिकल जाँच के लिए जिला अस्पताल भेजा। तीनों लोग एक ही साईकिल पर बहराइच जा रहे थे। पूछने पर बताया कि चलते-चलते दो लोगों की साईकिल ख़राब हो गई थी। इस कारण दोनों साईकिल रास्ते में ही छोड़कर तीनों एक ही साईकिल पर सवार होकर बहराइच जा रहे है। हालांकि अब कटनी पुलिस ने इन्हें इनके घर तक पहुँचाने की बात कही है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रहने वाले इन लोगों के नाम राजकुमार, ननके और राम पराग है। यह हैदराबाद की एक बिस्किट फेक्ट्री में काम करते थे। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगा तो फेक्ट्री बंद हो गई। ऐसे में इनके सामने रहने-खाने की समय उत्पन्न हो गई। कुछ दिन इन्होने जैसे-तैसे हैदराबाद में ही निकाले, लेकिन जब स्थिति ख़राब होने लगी तो एक अप्रैल को आठ लोंगो का कारवां साइकिल से ही बहराइच के लिए निकल पड़ा।
रोजाना करीब 100 किलोमीटर साइकिल से चलने के बाद ये बुधवार की दोपहर कटनी पहुंचे हैं। इन्होंने बताया कि हम आठ लोग थे, पांच आगे निकल गए, तीन आदमी बचे हैं। हमारी दो साइकिल खराब हो गई तो रास्ते मे छोड़ दी अब एक बची है। चलते-चलते हालत खराब हो चुकी है। गनीमत है कि इनको कटनी से बहराइच 550 किलोमीटर भेजने का प्रबंध कटनी की माधवनगर थाना पुलिस करने जा रही है।
