धार। कोरोना वायरस ने मध्यप्रदेश के धार जिले में भी दस्तक दे दी है। धार में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। शहर के बख्तावर मार्ग निवासी युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक का पिछले तीन दिनों से इलाज किया जा रहा हैं। वहीँ मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। धार कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने इस मामले की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि पॉजिटिव युवक करीब 15 दिन पहले उज्जैन गया था। वहां से लौटने के बाद युवक की तबियत ख़राब हो गई। इस पर युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां युवक में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर 5 अप्रैल को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद उसे इंदौर रैफर कर दिया गया है। वहीँ प्रशासन ने मोहन टॉकीज क्षेत्र को सील करते हुए युवक के परिवार के चार लोगों को आइसोलेट किया है।
कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने बताया कि, युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। फ़िलहाल उसकी हालत अभी स्थिर है। युवक को इंदौर रेफर किया गया है। युवक के परिवार वालों को आइसोलेट किया है और उनका सैंपल जाँच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही पूरे इलाकें को सील कर दिया गया है।
