इंदौर। बुधवार देर रात इंदौर में कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए है। इसी के साथ इंदौर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। वहीँ प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 98 तक पहुंच गई है। बुधवार को सामने आए 12 मरीजों में से 8 मरीज गंभीर है। इसके साथ ही कोरोना वायरस ने इंदौर के छह नए इलाकों में दस्तक दे दी है।
बुधवार देर रात जारी रिपोर्ट के अनुसार इंदौर के तंजीम नगर में तीन पुरुष कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए है। एक दिन पहले इस इलाके से एक ही परिवार के 9 सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके अलावा चंदन नगर से 80 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई है। यह अब तक की सबसे उम्रदराज कोरोना पॉजिटिव महिला है। वहीँ खजराना में 38 वर्षीय पुरुष और स्नेहलतागंज में 53 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
इनके अलावा छह मामले इंदौर के नए छह इलाकों से सामने आए है। इंदौर के समाजवादी नगर के 50 वर्षीय पुरुष, उदापुरा के 50 वर्षीय पुरुष, इकबाल कॉलोनी के 54 वर्षीय पुरुष, अंबिकापुरी कॉलोनी (एयरपोर्ट रोड) के 45 वर्षीय पुरुष, सी स्पेशल गांधीनगर के 38 वर्षीय पुरुष और मोती तबेला के 54 वर्षीय पुरुष में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
