इंदौर। कोरोना संकट के बीच इंदौर से राहत की खबर आई हैं। शुक्रवार को इंदौर के नेमावर रोड स्थित इंडेक्स हास्पिटल से 25 मरीज़ों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सभी मरीजों ने डॉक्टरों और नर्सों को धन्यवाद दिया और कहा कि अस्पताल में जाँच, दवा, इंजेक्शन, भोजन आदि की अच्छी व्यवस्था है। यहाँ पर हम मात्र दो सप्ताह में ठीक हो गए हैं।
बता दे कि जो मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं, उनमें हुसैन महाल्दार, अहमद फ़राज़, सोमी नायक, परबीन बी, जैनाब शेख, शिवम् कैफ, अशोक जसनानी, विजय, सोनू नामदेव, अब्बास मेनन, सलमान मेनन, मोहम्मद इदरिश, यास्मिन, शोएब, सलीम अंसारी, शकीला, धर्मेंद्र, शेख खालिद, मुन्ना अंसारी, प्रणय पांडे, फैज़ शेख, वहीद शेख, अदमजी एवं सानिया फातिमा शामिल हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि जिला प्रशासन के अथक प्रयास से आज इंडेक्स मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर से कोविड-19 के 25 मरीज स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं। मैं भारत सरकार की ओर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। डिस्चार्ज होने के बाद ये सभी व्यक्ति सामाजिक दूरी का पालन करें। मास्क और सैनेटाइजर का नियमित रूप से इस्तेमाल करें। गर्म पानी का सेवन करें। ठण्डी चीज से परहेज करें।
वहीँ कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कोरोना से बचाव में लगे प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ़ सभी भगवान के दूत बनकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर देश में स्वच्छता में नंबर वन रहा है। हम अगले एक महीने में इंदौर में कोविड-19 पर विजय प्राप्ते कर सभी को स्वस्थ कर देंगे। इसी श्रृंखला की एक कड़ी में इंडेक्स मेडिकल कॉलेज से आज 25 मरीज डिस्चार्ज किये गये हैं। यह हमारे लिये एक उपलब्धि की बात है। कोविड-19 बीमारी से आज पूरा विश्व परेशान है। पूरे विश्व में भारत की स्थित सबसे बेहतर है। आबादी की तुलना में यहां पर भी दूसरे देशों की तुलना में कम मरीज हैं। केन्द्र सरकार और राज्य सरकार ने कोविड-19 को समाप्त करने के लिये रणनीति तैयार कर ली है। शनै:शनै: इसके परिणाम सामने आने लगे हैं। आज जो लोग इस अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं, उन्हें नया जन्म मिला है। हम सभी को बीमारी से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। इलाज से बचाव अच्छा होता है।
इस दौरान कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि जिले में दो सौ से अधिक दल गठित कर कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों की खोज और जाँच की जा रही है। एक महीने में हम इस बीमारी पर पूरी तरह नियंत्रण पा लेंगे। अभी यह संख्या जरूर बढ़ रही है, मगर एक सप्ताह बाद यह संख्या घटना शुरू हो जायेगी। जिला प्रशासन नागरिकों को राशन आदि की कमी नहीं आने देगा। कचरा गाड़ी के माध्यम से किराना सामान के आर्डर लिये जा रहे हैं और दो दिन के अंदर उपभोक्ताओं को सामान सप्लाई भी किये जा रहे हैं। किराना सामान के साथ आलू और प्याज भी सप्लाई की जा रही है। संकट की इस घड़ी में सबका सहयोग जरूरी है।
