भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। बुधवार को प्रदेश में कोरोना के 268 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही 9 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। इससे प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा 581 पर पहुँच गया है। इस बीच राहत की बात यह रही कि बुधवार को प्रदेश में 260 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। प्रदेश में इस समय 2625 सक्रिय मामले हैं।
बुधवार को राजधानी भोपाल में कोरोना के 58 नए मामले सामने आए हैं जबकि 4 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इससे भोपाल में संक्रमित मरीजों की संख्या 3124 हो गई है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 100 पर पहुँच गया है। इस बीच बुधवार को 25 संक्रमित मरीज ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किए गए।
इंदौर में कोरोना संक्रमण की रफ़्तार कम हो रही है। बुधवार को यहां 1259 सैंपल की जाँच की गई, जिनमें से महज 19 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि 4 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इससे प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 4753 हो गई है। प्रदेश में इस समय 941 सक्रिय मरीज है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में कोरोना संक्रमण ने रफ़्तार पकड़ ली है। बुधवार को यहां संक्रमण के 105 नए मामले सामने आए हैं। मुरैना में लगातार चौथे दिन प्रदेश में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। यहां 56 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष और उनकी पत्नी भी शामिल है। मुरैना में बिगड़ते हालातों के कारण बेड की कमी हो गई है। मरीजों को 3 से 5 दिन में डिस्चार्ज करके होम आइसोलेशन में भेजा जा रहा है। मुरैना में इस समय 365 सक्रिय मामले है। इसके अलावा ग्वालियर में 25, दतिया में 13, भिंड में 10 और श्योपुर में एक नया मामला सामने आया है। ग्वालियर में अब तक कोरोना संक्रमण के 418 मामले सामने आ चुके हैं।
उज्जैन में बुधवार को कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं जबकि रतलाम में 5 नए मामले सामने आए हैं। उज्जैन में अब तक संक्रमण के 862 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 770 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं रतलाम में अब तक सामने आए 163 मामलों में से 136 मरीज ठीक हो चुके हैं। शाजापुर में एक बुजुर्ग में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद यहां संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 64 हो गई है।
बुधवार को जबलपुर में कोरोना के 6 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 411 हो गई है। इनमें से 323 मरीज स्वस्थ हो चुके है। इनके अलावा पन्ना और दमोह में कोरोना के 3-3 नए मामले सामने आए हैं जबकि सिंगरौली और उमरिया में एक-एक नया मामला सामने आया है।
