भोपाल। गुरुवार को मध्यप्रदेश की शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। शपथग्रहण सुबह 11 बजे होगा। इस दौरान 25 से 28 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मध्य प्रदेश की प्रभारी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगी।
बता दे कि नए मंत्रियों के नामों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी सहस्त्रबुद्धे और संगठन महामंत्री सुहास भगत के बीच लंबी चर्चा हुई है। इस दौरान कई विधायकों को भी मिलने के लिए बुलाया गया।
अनुमान लगाया जा रहा है कि पिछले मंत्रिमंडल के प्रमुख चेहरों, नए चेहरों और सिंधियां खेमे के विधायकों को मंत्री बनाए जाने को लेकर सहमती बन गई है। पार्टी ने अपने फैसले से विधायकों को अवगत करा दिया है ताकि बाद किसी प्रकार का असंतोष न पनपे।
मिल रही जानकारी के अनुसार सिंधिया खेमे से 9 से 12 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलवाई जा सकती है। वहीं 15 से 17 भाजपा विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। सिंधिया खेमे से पूर्व मंत्री इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, महेंद्र सिंह सिसौदिया, प्रभुराम चौधरी, बिसाहूलाल सिंह, एदल सिंह कंषाना, राजवर्द्घन सिंह दत्तीगांव, हरदीप सिंह डंग के साथ रणवीर जाटव को मंत्री बनाया जा सकता है।
अगर भाजपा विधायकों की बात करें तो सीनियर विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, विजय शाह के साथ नए नामों को भी मौका दिए जाने पर सहमति बन गई है। कुछ पुराने चेहरे ऐसे भी हैं, जिनके नाम पर सहमती नहीं बन पाई है।
