इंदौर। मंगलवार को इंदौर में 37 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। मंगलवार रात आई एमजीएम मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट में 20 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि मंगलवार सुबह एम्स भोपाल की रिपोर्ट में इंदौर के 17 मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। इंदौर में अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 63 हो गई है। वहीँ मध्यप्रदेश में कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की संख्या 86 तक पहुंच गई है।
मंगलवार देर रात एमजीएम मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के अनुसार दो दिन में 80 सैंपलों की जांच हुई जिनमें से 20 पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 19 इंदौर के रहने वाले और एक धरगांव का रहने वाला है। जबकि इससे पहले मंगलवार सुबह भोपाल एम्स की रिपोर्ट में इंदौर के 17 मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी।
वहीँ संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी का कहना है कि अभी आंकड़े और बढ़ेंगे, क्योंकि अब वे सैंपल जांच में आ रहे हैं, जो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में थे। हालांकि राहत की बात यह है कि जिन लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई हैं, उन्हें पहले से ही क्वारैंटाइन में रखा गया है।
