इंदौर। कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में टोटल लॉकडाउन के निर्देश दिए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो जारी कर इंदौर के लोगों से प्रशासन के कार्यों में मदद करने की अपील की हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर की जनता से अपील करते हुए कहा कि, ‘मेरी आपसे प्रार्थना है हम सख्ती करेंगे, टोटल लॉक डाउन करेंगे। जो लोग पॉजिटिव हैं, उनको और उनके परिजनों को क्वॉरेंटाइन करेंगे। कोरोना हारेगा इंदौर जीतेगा। आप घरों में रहे, प्रशासन का सहयोग करें। संकट बड़ा है, हौसला उससे भी बड़ा है। मैं माफी मांग रहा हूं, हम सख़्ती करेंगे। आपके लिए इंदौर के लिए। कृपया सहयोग करें कोई कष्ट हो तो माफ करिए।
साथ ही उन्होंने कहा कि, ‘इंदौर दुनिया का अद्भुत शहर है। अपनी जागरूकता से आपने स्वच्छता में 3 बार देश में अव्वल स्थान बनाया है। आज हमारा प्यारा शहर कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ रहा है। आप से अपील है कि कोरोना को हमें हर हालात में हराना है। इसका एकमात्र उपाय है सोशल डिस्टेंसिंग, संपर्क की चैन को तोड़ना। कृपया कर अपने घर में रहे। प्रधानमंत्री द्वारा बताई गई लक्ष्मण रेखा का पालन करें। अति आवश्यक चीजें प्रशासन आपके घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।’
उन्होंने लोगों से कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस आए हैं, लेकिन ग्वालियर जबलपुर में यह ठीक भी हो रहे हैं। कोरोना वायरस से डरने की आवश्यकता नहीं है। हमारे डॉक्टर, नर्स, पुलिस, निगम सभी मिलकर के कोरोना से लड़ने के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
