झाबुआ। धरती का जल स्तर बढ़ाने के लिए शिवगंगा साल 2010 से हर साल हलमा यानी सामूहिक श्रमदान का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी एक मार्च को साढ़े तीन सौ गांवों के 24 हजार कार्यकर्ता हाथीपावा पहाड़ी पर 40 हजार जल संरचनाएं बनाएंगे।
हलमा के आयोजन को लेकर पिछले दो-तीन महीनों से लगातार तैयारियां की जा रही है। कार्यकर्ताओं की बैठक ली जा रही है।इस बार गाँव-गाँव तक पहुंचाने के लिए 2 हजार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है। अब यह कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर अन्य लोगों को प्रशिक्षण देंगे। कार्यकर्ता घर-घर व फलिए-फलिए जाकर शिवजी के हलमे में शामिल होने के लिए परिवारों को निमंत्रण दे रहे हैं।
शिवगंगा ने साल 2010 में हलमा कार्यक्रम करने की शुरुआत की थी। तब से अब तक दस बार इस कार्यक्रम का आयोजन हो चुका है। इस दौरान छह बार हाथीपावा की पहाड़ियों पर और चार बार झाबुआ और आलीराजपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शिवजी का हलमा आयोजित किया जा चुका है। हलमा कार्यक्रम के दौरान अब तक 1 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने 1 लाख 11 हजार जल संरचनाएं बनाई है। यह जल संरचनाएं दो मीटर लंबी, ढाई मीटर गहरी तथा ढाई मीटर चौड़ी होती है। इन संरचनाओं में से 350-400 लीटर बारिश का पानी सहेजा जा सकता है। इससे धरती का जल स्तर बढ़ जाता हैं।
