भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने कोरोना को रोकने के लिए नई एडवाइजरी जारी की। इस एडवाइजरी के तहत कोविड 19 के नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों से जुर्माना वसूला जाएगा।
बुधवार को कलेक्टर अविनाश लवानिया ने एडवाइजरी जारी की है कि अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलता है तो उससे मौके पर ही 500 रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले व्यक्ति पर भी 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर 1000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं किसी भी संस्था और कार्यस्थल पर कोविड 19 के नियमों का उल्लंघन होने पर तत्काल पांच हजार रुपए का दंड वसूला जाएगा।
गौरतलब है कि अनलॉक 4 के बाद भोपाल में सभी तरह की बंदिशों को हटा दिया गया है। इसके बाद सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। इसके अलावा उपचुनाव को देखते हुए राजनीतिक कार्यक्रम भी शुरू हो गए हैं। ऐसे में भोपाल जिला प्रशासन ने सख्ती करने के लिए नई एडवाइजरी जारी की है।
