भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे है। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 193 नए मामले सामने आए है, वहीँ तीन लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। इसी के साथ प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 4665 हो गई है, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 207 पर पहुँच गया है। मरने वालों में दो लोग इंदौर और एक व्यक्ति उज्जैन का है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा मामले इंदौर में सामने आए है। यहाँ सैंपल की संख्या बढ़ाए जाने के साथ ही पॉजिटिव मामलों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को जांचे गए 1055 सैंपल में से 79 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि 976 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे इंदौर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 2378 हो गई है। वहीँ शुक्रवार को दो लोगों की मौत के बाद इंदौर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 99 हो गई है।
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 28 नए मामले सामने आए है। यहाँ कोरोना मरीजों की संख्या 950 हो गई है। हालाँकि राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को 31 मरीज ठीक होकार अपने घर मौत गए। भोपाल में अब तक 580 लोग कोरोना को हराकर अपने घर लौट चुके हैं। शुक्रवार को उज्जैन में 12 नए मामले सामने आए। इससे यहाँ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 296 पर पहुँच गया है।
बुरहानपुर में 27 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के साथ ही यहां संक्रमितों का आंकड़ा 150 पर पहुंच गया है। इसके अलावा खंडवा में 15 और बड़वानी में तीन नए मामलों की पुष्टि हुई है। खरगोन में गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में गोगावां और सनावद के एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इनके अलावा ग्वालियर में 12, भिंड में 4, जबलपुर में दो, नीमच में एक, उमरिया में एक और मुरैना में एक मरीज कोरोना पॉजिटिव मिला है।
