इंदौर। इंदौर शहर में अब आटा चक्की की दुकानें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे संचालित हो सकेगी। लॉकडाउन में लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए इंदौर कलेक्टर ने आटा चक्की दुकानों को छूट प्रदान की है। हालाँकि इस दौरान आटा चक्की संचालक को मास्क पहनना और समय-समय पर सेनेटाइजर से हाथ साफ करना अनिवार्य होगा।
कलेक्टर मनीष सिंह द्वारा जारी किए आदेश के अनुसार नगर निगम इंदौर सीमा क्षेत्र में आटा चक्की संचालन हेतु प्रात: 11 बजे से शाम 5 बजे तक अनुमति प्रदान की गई है। सायंकाल 5 बजे आटा चक्की का संचालन बंद करना अनिवार्य होगा। आटा चक्की संचालक अपने संस्थान पर अधिकतम दो कर्मचारी लगा सकेंगे तथा उन्हें मास्क व अन्य सावधानियों का पालन जैसे समय-समय पर सेनेटाइजर से हाथ सेनेटाइज करना अनिवार्य होगा। आटा चक्की संचालक स्वयं को भी मास्क पहनना एवं समय-समय पर सेनेटाइजर से हाथ साफ करना अनिवार्य होगा। यह कार्यवाही संचालक एवं उपस्थित कर्मचारियों के साथ-साथ आने वाले ग्राहकों की सुरक्षा हेतु अनिवार्य है।
आदेश के अनुसार आटा चक्की पर किसी भी एक समय में संचालक सहित अधिकतम पाँच लोग दो गज की दूरी बनाते हुए सोशल डिस्टैंसिंग बनाते हुए मौजूद रह सकेंगे। किसी भी आटा चक्की पर ज्यादा संख्या में ग्राहक संभावित हो तो आटा चक्की संचालक उन्हें अलग-अलग समय पर बुलाकर उनका कार्य करेंगे। लोगों को आटा के लिए कर्फ्यू पास बनवाने की आवश्यकता नहीं होगी। हालाँकि पुलिस द्वारा पूछे जाने पर लोगों को पुलिस को बताना होगा कि वह आटा चक्की पर जा रहे है। इस दौरान उन्हें चिकित्सीय मापदण्डों का पालन करना होगा।
