भोपाल। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे के लिए शहडोल संभाग और चार जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जाहिर किया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी।
मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में शहडोल संभाग के जिलों सहित धार, बड़वानी, अलीराजपुर व झाबुआ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने रीवा, शहडोल, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, चंबल संभागों के जिलों सहित शिवपुरी व ग्वालियर जिले में गरज चमक के साथ बिजली चमकने और गिरने की संभावना जाहिर की है।
बता दे कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून सक्रिय रहा है जबकि पश्चिमी हिस्से में मानसून सामान्य रहा। पिछले 24 घंटों में होशंगाबाद, इंदौर, रीवा, शहडोल, सागर एवं जबलपुर संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर एवं उज्जैन, भोपाल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर तथा ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई है।
