भोपाल। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर सकते हैं। गुरुवार सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री शिवराज ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि कैबिनेट की बैठक से पहले शिवराज अपने मंत्रियों को विभाग बांट देंगे।
गौरतलब है कि मंत्रियों को विभागों के बंटवारे से पहले मुख्यमंत्री शिवराज ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि दिल्ली में दो दिन केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद मंत्रियों के विभागों को लेकर तकरीबन सहमति बन गई है।
मंगलवार को दिल्ली से लौटने के बाद भोपाल में शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से कहा था कि अभी थोड़ा और वर्कआउट करना है। जल्द ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोच-समझकर ही सब निर्णय करना पड़ता है।
दूसरी तरफ मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस, भाजपा पर हमलावार हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने इस पर तंज कसते हुए कहा है कि भाजपा के टाइगर मुख्यमंत्री पांच दिन बाद भी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा नहीं कर सके हैं। सौदेबाजी से बनाई सरकार के सामने टाइगर की हालत भीगी बिल्ली के समान हो गई है।
