भोपाल। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। दोनों जगहों से अच्छी नमी आ रही है। इसके असर से आने वाले तीन दिनों में प्रदेश में भारी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।
इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार को मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे के लिए सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जाहिर किया है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने भोपाल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में गरज चमक के साथ बिजली चमकने और गिरने की संभावना जाहिर की है।
बता दे कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के इंदौर संभाग के जिलों अनेक स्थानों पर, जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा शेष संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई है।
