भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी आ रही है। बुधवार को प्रदेश में 409 नए मामले सामने आए हैं। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले 16 हजार के पार पहुँच गए हैं। वहीं 7 लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 629 पर पहुँच गया है।
राजधानी भोपाल में बुधवार को कोरोना के 44 नए मामले सामने आए हैं। इसमें बैरागढ़ भाजपा के मंडल अध्यक्ष और एक कपड़ा व्यापारी भी शामिल है। इससे भोपाल में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 3552 हो गई है। इनमें से 2318 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं बुधवार को दो लोगों के मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 113 पर पहुँच गया है।
इंदौर में बुधवार को 1392 सैंपल की जाँच की गई, जिनमें से 45 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे इंदौर में संक्रमित मरीजों की संख्या 5043 हो गई है। इसके अलावा बुधवार को इंदौर में 3 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। यहां अब तक 255 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है।
ग्वालियर में कोरोना को लेकर लगातार ख़राब होती जा रही है। बुधवार को यहां कोरोना के 59 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमण के मामले 770 हो गए हैं। इसके अलावा मुरैना में संक्रमण के 8, शिवपुरी में 5, भिंड-श्योपुर में 3-3 नए मामले सामने आए हैं।
बुधवार को रतलाम में 4, मंदसौर में 8 जबकि उज्जैन और देवास में 1-1 नया मामला सामने आया है। मंदसौर में अब तक कोरोना संक्रमण के 156 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 103 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
महाकोशल-विंध्य में बुधवार को कोरोना के 24 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 16 मामले जबलपुर से सामने आए हैं। इसके अलावा सिंगरौली में 4 जबकि सिवनी, अनुपपुर, दमोह और नरसिंहपुर में 1-1 नया मामला सामने आया है।
