उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे को गिरफ्तार करने पर उज्जैन पुलिस को बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘जिनको लगता है कि महाकाल की शरण में जाने से उनके पाप धूल जाएँगे। उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं। हमारी सरकार किसी भी अपराधी को बख्श्ने वाली नहीं है। विकास दुबे की गिरफ़्तारी के लिए उज्जैन पुलिस को बधाई।‘
यही नहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बातचीत की है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा है कि मप्र पुलिस शीघ्र आगे की कानूनी कार्रवाई कर विकास दुबे को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर देगी।
वहीं मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि, ‘विकास दुबे की गिरफ्तारी मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कामयाबी है, हमने वारदात के बाद से ही पुलिस को अलर्ट कर रखा था। मोस्टवांटेड विकास दुबे के साथ हमने उसके दो साथियों बिट्टू और सुरेश को भी उज्जैन में गिरफ्तार किया है। हमने उत्तर प्रदेश पुलिस को सूचना दे दी है। हमने पुलिस को अलर्ट कर रखा था, मध्यप्रदेश पुलिस के जांबाज चौकस थे, जैसे ही उन्हें संदेह हुआ, उसे दबोच लिया गया।‘
गौरतलब है कि विकास दुबे उत्तरप्रदेश के कानपुर के चौबेपुर में हुए शूटआउट का मोस्टवॉन्टेड गैंगस्टर है। वह 8 पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी है।
