पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक गरीब किसान परिवार की बेहद अमानवीय तस्वीर सामने आई है। यहां गरीब किसान परिवार दो सगे भाई अपने खेत में बैलों की जगह खुद हल चलाने पर मजबूर है। इतना ही नहीं दोनों भाइयों के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी हल चलाने में उनकी मदद करते हैं।
दरअसल पन्ना जिले की गुनौर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भिटारी गांव में रहने वाले परमलाल चौधरी इन दिनों अपने पुत्रों, बहु एवं पत्नी के साथ खेतों में हल चलाने पर मजबूर है। किसान परिवार के सदस्य बाहर काम करते थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण सभी लोग वापस गाँव आ गए हैं। किसान परिवार शासन द्वारा कोई मदद न मिलने से काफी दुखी है।
परिवार के सदस्य का कहना है कि गाँव में रोजगार नहीं होने के कारण परिवार के सदस्य परमलाल, दुर्गेश, नारेन्द, नत्थी बाई, अंजू आदि स्वयं गले में रस्सी बांधकर और महिलाओं के सहयोग से खेत में जुताई तथा धान बोने का काम स्वयं कर रहे हैं। किसान परिवार के सदस्य पिछले एक सप्ताह से यही काम कर रहे हैं। परिवार के सदस्य सरकार से मदद की मांग कर रहे हैं।
