गुना। मध्यप्रदेश के गुना में सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने गए सरकारी अमले के सामने किसान और उसकी पत्नी ने जहर पी लिया। दोनों को पुलिस ने जबरन पकड़कर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
दरअसल किसान राजकुमार अहिरवार लंबे समय से सरकारी पीजी कॉलेज की जमीन पर खेती कर रहे थे। मंगलवार को अचानक गुना नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता एसडीएम के नेतृत्व वहां पहुंचा और राजकुमार द्वारा बोई फसल पर जेसीबी चलाना शुरू कर दी। जब राजकुमार ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने उसको पकड़ लिया।
इस पर राजकुमार खेत में बनी झोपड़ी में पहुंचे और बोतल में रखा कीटनाशक पी लिया। पति को जहर पीता देख उसकी पत्नी ने भी कीटनाशक पी लिया। यहीं नहीं जहर पीने के बाद दोनों ने अस्पताल जाने से भी मना कर दिया। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से दोनों को पकड़कर अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। फ़िलहाल राजकुमार की पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
वहीं इस मामले में पीड़ित राजकुमार का कहना है कि यह उसकी पैतृक जमीन है। दादा-परदादा इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। जब तक जमीन खाली पड़ी थी, यहां कोई नहीं आया। मैंने कर्ज लेकर बोवनी की है। फसल अंकुरित हो गई है। इस पर बुलडोजर न चलाया जाए। मेरे परिवार में 10-12 लोग है।
