भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मामलों की संख्या 20 हजार के करीब पहुँच गई है। पिछले 24 घंटे में ही प्रदेश में 638 नए मामले सामने आए हैं। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 19643 पर पहुँच गया है। प्रदेश में अब तक 641 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
बुधवार को राजधानी भोपाल में नए मामलों की रफ़्तार में थोड़ी कमी आई है। बुधवार को यहां कोरोना के 75 नए मामले सामने आए हैं जबकि मंगलवार को 97 मामले सामने आए थे। इस बीच 75 मरीज बुधवार को ठीक होने के बाद अपने घर लौट गए।
इंदौर में बुधवार को एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ। यहां एक दिन में संक्रमण के 136 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 5632 पर पहुँच गई है, वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 1265 पर पहुँच गई है। इंदौर में अब तक 280 लोगों की मौत हो चुकी है।
बुधवार को ग्वालियर में एक बार फिर से 100 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 121 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 1365 पर पहुँच गई है। यहां पिछले 15 दिनों में ही एक हजार के करीब मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा मुरैना में 45, दतिया में 13, शिवपुरी में 10 और श्योपुर में 3 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
बुधवार को शाजापुर में 31, धार में 23, खंडवा में 19, रतलाम, बड़वानी और खरगोन में 8-8, उज्जैन में 6 और देवास, झाबुआ में 4-4 नए मामले सामने आए हैं। उज्जैन में अब तक संक्रमण के 927 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 794 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा खरगोन में अब तक 417, शाजापुर में 200, देवास में 287 और धार में 238 मामले सामने आ चुके हैं।
महाकोशल-विंध्य में बुधवार को 47 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 39 मरीज जबलपुर, 4 मरीज रीवा, 3 मरीज अनुपपुर और एक मरीज नरसिंहपुर से सामने आया है। जबलपुर में अब तक संक्रमण के 680 मामले सामने आ चुके हैं।
