भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस ने नकली नोट से शराब खरीद रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस दौरान मुख्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हजारों रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। सभी नोट एक ही सीरीज के थे। फ़िलहाल पुलिस यह पता करने में लगी हैं कि आरोपियों का नेटवर्क कहां तक फैला है और यह अब तक कितने नोट बाजार में खपा चुके हैं।
दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति 100-100 रुपए के नकली नोटों से शराब खरीद रहा है। पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ा तो उसने बताया कि वह अपने सेठ संजय सिंह बुंदेला और हबीब से यह नकली नोट लेकर शराब खरीदने आया है।
आरोपी की निशानदेही पर जब पुलिस ने थोड़ी दूर खड़ी कार की घेराबंदी की तो कार में बैठा हबीब फरार हो गया। हालांकि दूसरा आरोपी संजय सिंह बुंदेला पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 100-100 रु के जाली नोट बरामद हुए। ये सभी नोट एक ही सीरीज के थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 66000 रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं।
