भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने के बाद शिवराज सिंह चौहान को चिरायु अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है।
शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘मैं आज पूर्ण स्वस्थ होकर घर वापस लौटा। मैं डॉक्टर्स, नर्सेज़ सहित पूरी टीम को धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने मेरा सदैव ध्यान रखा। CoronaWarriors निस्वार्थ भाव से अस्पताल के प्रत्येक मरीज़ की देखभाल कर रहे हैं। आप भगवान का रूप हैं। आपका यह ऋण मैं कभी नहीं चुका सकता हूँ।‘
भाजपा के मीडिया विभाग के प्रमुख लोकेंद्र पाराशर ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह पूर्णत: स्वस्थ हैं। हालाँकि कोरोना गाइडलाइन के अनुसार अगले सात दिनों तक वह सावधानीपूर्वक अपने निवास में रहेंगे और स्वयं के स्वास्थ्य का परीक्षण भी करेंगे।
