खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन में राम मंदिर भूमि पूजन का जश्न मना रहे लोगों पर कार्रवाई करने के चलते दो बड़े अधिकारियों पर गाज गिरी है। सरकार ने इस मामले में खरगोन संयुक्त कलेक्टर और एसडीओपी को हटाने का आदेश जारी कर दिया गया है। गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में संयुक्त कलेक्टर अभिषेक गहलोत ओर एसडीओपी ग्लैडविन एडवर्डकार को हटा दिया है।
गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के बाद खरगोन के सराफा बाजार में आतिशबाजी करके खुशियां मनाई जा रही थीं। इस दौरान पुलिस और आतिशबाजी कर रहे लोगों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद पुलिसकर्मी कुछ लोगों को अपने साथ वाहन में बैठाकर ले गए। इससे व्यापारी गुस्सा हो गए और दुकानें बंद कर विरोध जताया।
वहीं इस मामले को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने शिवराज सरकार में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को अपनी पुलिस को समझाइश देने के लिए भी कहा था। कैलाश विजयवर्गीय ने ट्विटर पर लिखा था कि, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है आज देश के लिए गौरव का दिन है। अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास हुआ। सारा देश खुशियाँ मना रहा है। ऐसे में खरगोन के सराफा बाजार में उत्सव और खुशियाँ मनाते युवकों पर पुलिस कार्रवाई अनुचित है। खरगोन पुलिस बंगाल पुलिस जैसा आचरण क्यूँ कर रही है! नरोत्तम मिश्र अपनी पुलिस को समझाइश दीजिए।’
