इंदौर। इंदौर में भी पिछले 24 घंटे में ही लगभग 11 इंच बारिश हो चुकी है। इस कारण शहर की निचली बस्तियों में पानी भर गया है। यशवंत सागर बांध भी रातभर में ही लबालब होने से उसके सभी गेट खोल दिए गए हैं।
इंदौर शहर में पानी भरने के कारण प्रशासन भी अलर्ट पर हो गया है। कलेक्टर मनीष सिंह, डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्र, कमिश्नर प्रतिभा पॉल और सांसद शंकर लालवानी नगर निगम कंट्रोल रूम में मौजूद हैं। जहाँ से भी पानी भरने की खबर आ रही है, वहां निगम की टीम पहुंचकर रहवासियों की मदद कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर शहर और उसके आसपास क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शहर में पिछले 24 घंटे में आज सुबह 8:00 बजे तक 10.3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसके पहले अगस्त महीने में 1 दिन में सर्वाधिक बारिश 10 अगस्त 1981 को हुई थी। सीजन में कुल मिलाकर अब तक शहर में 32 इंच बारिश हो गई है, जो वाषिक औसत से केवल तीन इंच कम है । इंदौर के करीब हातोद व यशवंत सागर के पास के सभी गांव में पानी भर गया है।
