ग्वालियर। मध्यप्रदेश में होने वाले उपचुनावों को लेकर भाजपा ने ग्वालियर-चंबल अंचल में मेगा शो किया। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रदेश भाजपा के बड़े नेता शामिल थे। इस दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला जब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वयं मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को चप्पल पहनाई।
दरअसल फूल बाग मैदान पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहले तो वहां उपस्थित लोगों को संबोधित किया और उसके बाद मंच पर ही सबके सामने मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के पैरों में चप्पल पहनाई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने जमकर तालियाँ बजाई।
बता दे कि कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे प्रद्युम्न सिंह तोमर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को देखते हुए संकल्प लिया था कि वह जब तक इस समस्याओं का निदान नहीं कर देते हैं तब तक वह नंगे पैर रहेंगे। इसके बाद प्रद्युम्न सिंह सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। प्रद्युम्न सिंह ने शिवराज सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री पद की शपथ भी नंगे पैर ली थी।
