भोपाल। निगम अफसरों की अनोखी सजा के कारण बबूल के पेड़ को काटने वाले भोपाल की एक कॉलोनी के रहवासियों को पेड़ों की कीमत समझ में आ गई है। अब पूरी कॉलोनी के लोग आसपास की खाली जमीन पर नए पौधे लगा रहे हैं। साथ ही भविष्य में कभी भी पेड़ न काटने का संकल्प लिया है।
दरअसल भोपाल के खजूरी कला इलाके में अम्मा कॉलोनी के रहवासियों आपसी सहमती से बिना निगम की इजाजत के 50 साल पुराने हरे भरे बबूल के पेड़ को काट दिया। शिकायत मिलने पर निगम के अफसर पहुंचे और रहवासियों से पेड़ काटने की वजह पूछी। लोगों ने बताया कि बबूल के पेड़ से गिरने वाले कांटों की वजह से पूरी कॉलोनी की सहमती से पेड़ को काटा है। इसके लिए निगम से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी।
रहवासियों बात सुन निगम अफसरों ने पूरी कॉलोनी के लोगों पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगा दिया। अफसरों ने लोगों से बबूल के पेड़ की जगह हरे-भरे पौधे लगाने को कहा। साथ ही कहा कि जब तक जुर्माना और नए पेड़ नहीं लगाए जाएंगे तब तक पूरी कॉलोनी को पीने का पानी सप्लाई नहीं होगा।
निगम अफसरों की सजा के बाद अब कॉलोनी के रहवासी खाली जमीन पर नए पौधे लगाने के लिए एकजुट हो रहें हैं। साथ ही भविष्य में पेड़ न काटने का संकल्प लिया है। कॉलोनी के रहवासी पैसे कलेक्शन कर 10 हजार रुपए जुटा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द बंद हुई पानी की सप्लाई को शुरू किया जा सके।
